भिलाई-दुर्ग में एक ही दिन दो चेन स्नेचिंग की घटनाएं

दुर्ग जिले में 5 नवंबर को एक ही दिन भिलाई और दुर्ग में दो अलग-अलग चेन स्नेचिंग की घटनाएं हुईं। पहली घटना भिलाई में उस समय हुई जब घर के बाहर फूल तोड़ रही एक महिला की सोने की चेन झपट ली गई। आरोपी स्कूटी पर आए और तेजी से महिला के गले से करीब दो तोले की चेन, जिसमें लॉकेट भी था, छीनकर फरार हो गए। चेन की कीमत लगभग 40 हजार रुपए बताई गई। पीड़िता ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी अपनी स्कूटी से भागने में सफल रहे।
दूसरी घटना दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में हुई। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला के पास मोटरसाइकिल पर आए एक अज्ञात व्यक्ति ने रास्ता पूछने का बहाना बनाकर महिला के गले से सोने की पुरानी चेन झपट ली। आरोपी तुरंत बाइक स्टार्ट करके फरार हो गया। पीड़िता ने बताया कि घटना अचानक हुई और वह आरोपी का चेहरा ठीक से नहीं देख सकीं।
दोनों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं।





