छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर पीएम मोदी बोले – नवा रायपुर बनेगा प्रदेश की पहली सोलर सिटी

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नवा रायपुर में कई कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्थान के ‘शांति शिखर’ ध्यान केंद्र का उद्घाटन किया और कहा कि “आचरण ही सबसे बड़ा धर्म, तप और ज्ञान है।”
प्रधानमंत्री ने इस दौरान बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि नवा रायपुर को प्रदेश की पहली सोलर सिटी बनाया जाएगा। इसके बाद वे अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए रवाना हुए।
पीएम मोदी आज रायपुर में करीब 6 घंटे 45 मिनट तक रहेंगे। वे नए विधानसभा भवन और देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय का भी उद्घाटन करेंगे।
नवा रायपुर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने सत्य साईं हॉस्पिटल में 2500 बच्चों से मुलाकात की, जिनकी हार्ट सर्जरी वहीं हुई थी। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे को गले लगाकर सभी को भावुक कर दिया।
मोदी ने पद्म विभूषण तीजन बाई और लेखक पद्म भूषण विनोद कुमार शुक्ल से भी मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड अपने 25 वर्ष पूरे कर रहे हैं, और उन्होंने सभी राज्यों के निवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।





