पति की प्रताड़ना से तंग, महिला ने की आत्महत्या

रायपुर के डीडी नगर इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता महिला ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान मनीषा गोस्वामी के रूप में हुई है। आत्महत्या से पहले मनीषा ने अपने मोबाइल से एक 1 मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने अपने पति, देवर, सास और ससुर पर लगातार प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
वीडियो में मनीषा रोते हुए कहती दिख रही है कि वह अपने ससुराल वालों की यातनाओं से तंग आ चुकी है। उसने बताया कि उसका पति उस पर दो बार हाथ उठा चुका है और सास हमेशा बेटे का साथ देती है। मनीषा ने कहा, “मैं चार बहनों में सबसे बड़ी हूं। मेरे पापा ही घर में अकेले कमाने वाले हैं। अब मेरे पास मरने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। मेरी शादी को सिर्फ 10 महीने हुए हैं, लेकिन इन महीनों में एक दिन भी सुकून से नहीं रही हूं।”
मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच टीवी बंद करने और मोबाइल रखने को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद पति कमरे से बाहर चला गया। कुछ देर बाद जब वह लौटा तो मनीषा साड़ी के फंदे से लटकी मिली। उसके हाथ में कट के निशान भी पाए गए हैं। ससुर ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद मनीषा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मायके पक्ष ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मनीषा के पिता ने कहा कि उनकी बेटी को लंबे समय से पति और ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना के मुद्दे को सामने लाता है, जो समाज में आज भी कई महिलाओं की जिंदगी निगल रहा है।





