ओ.पी. चौधरी ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को किया नमन

रायगढ़। उर्दना स्थित शहीद स्मृति गार्डन में आज पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन भावपूर्ण और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी रहे। उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया और कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
वित्त मंत्री ने बताया कि जिले के कई शहीदों के नाम पर स्टेडियम और उद्यानों का नामकरण किया जा चुका है और बाकी शहीदों के नाम पर भी प्रमुख स्थलों का नाम रखा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान को याद रख सकें। इस अवसर पर मंत्री ने शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
पुलिस स्मृति दिवस प्रति वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सेना के हमले में शहीद हुए दस पुलिस जवानों की स्मृति में मनाया जाता है। उस हमले में वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
आयोजित शहीद परेड में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने 1 सितम्बर 2024 से 31 अगस्त 2025 तक ड्यूटी के दौरान शहीद हुए 191 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद परेड कमांडर के आदेश पर शोक शस्त्र क्रिया और शहीदों को भावपूर्ण सलामी दी गई। रक्षित निरीक्षक अमित सिंह की अगुवाई में परेड की कमान प्लाटून कमांडर उज्लार सिन्हा ने संभाली, जबकि दो टोलियों के कमांड एएसआई नरसिंग नाथ यादव और एएसआई सुमन चौहान ने संभाले।





