सिविल जज परीक्षा: प्रारंभिक परीक्षा के फाइनल मॉडल आंसर जारी, छह प्रश्न विलोपित

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा 2025 के प्रारंभिक परीक्षा के फाइनल मॉडल आंसर मंगलवार को जारी किए। परीक्षा 21 सितंबर को आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 100 प्रश्न पूछे गए थे। मॉडल आंसर पहले ही सितंबर में जारी किए गए थे और उम्मीदवारों से 1 अक्टूबर तक आपत्तियां मांगी गई थीं। आपत्तियों के निपटारे के बाद फाइनल मॉडल आंसर जारी किया गया।
प्रारंभिक परीक्षा में छह प्रश्न विलोपित किए गए हैं। सेट ए में प्रश्न संख्या 18, 32, 33, 48, 66 और 94 को हटा दिया गया। इससे उम्मीदवारों की स्कोरिंग में संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया गया है। इस परीक्षा के जरिए 57 पदों पर भर्ती की जाएगी। प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया जाएगा, उसके बाद इंटरव्यू का आयोजन होगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि सीजीपीएससी और व्यापमं जैसी परीक्षाओं में अक्सर कुछ प्रश्नों में त्रुटियां देखने को मिलती हैं। बाद में इन्हें विलोपित किया जाता है ताकि परीक्षार्थियों को कोई अन्याय न हो। इसी प्रकार हाल ही में व्यापमं की एडीईओ और आबकारी आरक्षक परीक्षाओं में भी कुछ प्रश्न विलोपित किए गए थे।
उम्मीदवारों ने शिकायत की है कि बार-बार प्रश्नों में त्रुटियां हो रही हैं और उनका समय व मेहनत प्रभावित होती है। उन्होंने आयोग से आग्रह किया है कि परीक्षा प्रक्रिया में गुणवत्ता और सत्यापन पर ध्यान दिया जाए ताकि भविष्य में ऐसे विवाद कम हों।
फाइनल मॉडल आंसर जारी होने के बाद अब जल्द ही प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम भी घोषित किए जाने की संभावना है, जिससे सफल उम्मीदवार मुख्य परीक्षा की तैयारी शुरू कर सकेंगे।





