कोरबा में सपना चौधरी के कार्यक्रम में विवाद, होटल में तोड़फोड़ और मारपीट की घटना

कोरबा। हरियाणवी डांसर सपना चौधरी का पहला कार्यक्रम कोरबा में अव्यवस्थाओं और हंगामे का शिकार हो गया। सपना ने बताया कि कार्यक्रम के बाद जब वे अपने कमरे में आराम कर रही थीं, रात करीब साढ़े 12-1 बजे चार लोगों ने उनके कमरे का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, गाली-गलौज की और गोली मारने की धमकी दी। इस दौरान उनकी टीम के साथ मारपीट भी हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
होटल मालिक करणदीप ने बताया कि यदि वे समय पर मदद नहीं करते और पुलिस टीम नहीं आती, तो घटना और गंभीर हो सकती थी। इस मामले में करणदीप ने चारों आरोपी आयोजक अमित नवरंगलाल, अनिल द्विवेदी, युगल शर्मा और सुजल अग्रवाल के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप है कि इन लोगों ने सपना की टीम पर कार्यक्रम के लिए अधिक पैसे लेने का आरोप लगाते हुए मारपीट की, होटल में तोड़फोड़ की, सीसीटीवी का DVR और 10,000 रुपये नकद लूट लिए। होटल मालिक ने बताया कि इस घटना में करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ।
दूसरी ओर, अनिल द्विवेदी की शिकायत पर होटल संचालक और उनके भाई के खिलाफ भी मारपीट और लूट का मामला दर्ज किया गया है।
कोरबा के सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।





