बीजापुर: तीन बड़े नक्सली नेताओं ने छोड़ी बंदूक, मुख्यधारा में लौटे

बीजापुर। माओवादी संगठन के भीतर आत्मसमर्पण को लेकर चल रही उलझन के बीच तीन बड़े नक्सली नेताओं ने आखिरकार हथियार डाल दिए। तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने वालों में कुकंती वैंकटैया उर्फ रमेश उर्फ विकास, मोमिलिडला वेंकटराज उर्फ राजू उर्फ चंदू, और तोडेम गंगा सोनू उर्फ सोनी शामिल हैं।
कुकंती वैंकटैया दक्षिण बस्तर डिवीजन का डिवीजनल कमेटी मेंबर (डीवीसीएम) और वरिष्ठ माओवादी नेता था, जो पिछले 36 सालों से संगठन में सक्रिय था। वहीं मोमिलिडला वेंकटराज भी डिवीसीएम और एसीसीएम सदस्य रहा, जो 35 सालों से भूमिगत जीवन जी रहा था। तोडेम गंगा सोनू एससीएम सदस्य और जनता सरकार प्रभारी थी, जो 21 वर्षों से संगठन से जुड़ी थी।
पुलिस के अनुसार, तीनों नेताओं का संगठन की हिंसक विचारधारा से मोह भंग हो गया था। अब वे मुख्यधारा में लौटकर सामान्य जीवन जीना चाहते हैं।
यह आत्मसमर्पण तेलंगाना और छत्तीसगढ़ पुलिस के संयुक्त अभियान पर बढ़ते विश्वास का नतीजा माना जा रहा है।





