इलाज कराने पहुंचे मरीज का मोबाइल चोरी, खाते से उड़ाए 72 हजार रुपये

रायपुर के डीकेएस अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे एक मरीज के साथ बड़ी वारदात हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल फोन चोरी कर लिया और फिर उसी के जरिए ऑनलाइन ठगी करते हुए मरीज के बैंक खाते से 72 हजार रुपये उड़ा लिए। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी देबाराज बेहरा, जो मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं, नया रायपुर में एक चश्मे की दुकान पर काम करते हैं। 27 जून 2025 को काम के दौरान अचानक उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ, जिसके बाद सहकर्मियों ने उन्हें डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान 29 जून को उनके भाई लोकनाथ बेहरा और हेमराज बेहरा ओडिशा से रायपुर पहुंचे थे।
उसी दौरान देबाराज का मोबाइल और पर्स उनके भाई हेमराज ने अस्पताल की मेडिसिन टेबल की दराज में रख दिया था। शाम को जब सहकर्मी संतोषी साहू मरीज से मिलने पहुंचीं तो मोबाइल गायब मिला। पहले तो परिवार ने सोचा कि फोन कहीं इधर-उधर रख दिया गया होगा, लेकिन बाद में जब खाते की जांच की गई तो खुलासा हुआ कि मोबाइल चोरी के बाद फोनपे ऐप का इस्तेमाल करते हुए खाते से दो बार में पैसे निकाले गए।
पहली बार 1 जुलाई को 40,000 रुपये और दूसरी बार 2 जुलाई को 22,800 रुपये ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 72,800 रुपये खाते से उड़ा लिए गए। इलाज के बाद जब देबाराज पूरी तरह होश में आए और उन्होंने बैंक पासबुक चेक की, तब उन्हें धोखाधड़ी का पता चला।
उन्होंने तुरंत गोलबाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की डिटेल्स निकालने में जुटी है। जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपी की पहचान जल्द की जाएगी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।





