CM विष्णुदेव साय ने दिल्ली में की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात, बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार और सेना भर्ती रैलियों पर हुई चर्चा

रायपुर/दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए रक्षा मंत्रालय की भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही, मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में रक्षा क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों और उद्योगों को बढ़ावा देने की बात भी रखी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रक्षा मंत्री को बताया कि छत्तीसगढ़ के युवा सेना में भर्ती होने को लेकर काफी उत्साहित रहते हैं। उन्होंने पूरे प्रदेश में “सेना भर्ती रैलियां” आयोजित करने का आग्रह किया, ताकि युवाओं को अपने ही राज्य में देश सेवा का अवसर मिल सके। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सुझाव का स्वागत किया और पूरे प्रदेश में भर्ती रैलियों के आयोजन का आश्वासन दिया।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि जब भी नए नौसैनिक पोत या जहाज लॉन्च किए जाएं, तो उनमें से कुछ का नाम छत्तीसगढ़ की नदियों और क्षेत्रों के नाम पर रखा जाए — जैसे INS इंद्रावती, INS महानदी या INS बस्तर। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश की संस्कृति और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर गौरव दिलाएगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री के इस सुझाव की सराहना की और कहा कि यह भारत की एकता और विविधता को दर्शाने वाला सुंदर विचार है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य की नई औद्योगिक नीति की जानकारी भी दी, जिसमें रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण को बढ़ावा देने की योजना शामिल है। उन्होंने कहा कि यह नीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” के विज़न के अनुरूप है और इससे छत्तीसगढ़ में तकनीकी प्रशिक्षण, अनुसंधान और निवेश के नए अवसर बनेंगे।





