भाजपा फिर शुरू कर रही है ‘सहयोग केंद्र’, मंत्री सुनेंगे कार्यकर्ताओं की समस्याएं:अरुण साव

रायपुर। प्रदेश भाजपा ने एक बार फिर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए ‘सहयोग केंद्र’ शुरू करने का फैसला लिया है। यह केंद्र भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में चलेगा। इसकी शुरुआत सोमवार, 6 अक्टूबर से होगी।
पहले दिन दोपहर 2 से 5 बजे तक राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे और समाधान करेंगे। कार्यकर्ताओं को इसके लिए दोपहर 1 से 2 बजे के बीच पंजीयन कराना होगा। इस बार सहयोग केंद्र की जिम्मेदारी भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने को सौंपी गई है।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और सहयोग भाजपा की प्राथमिकता है। हर मंत्री को बारी-बारी से पार्टी कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं की बात सुननी होगी। उन्होंने बताया कि वे खुद 14 अक्टूबर को सहयोग केंद्र में बैठेंगे।
गौरतलब है कि भाजपा सरकार बनने के बाद 2023 में भी यह सहयोग केंद्र शुरू किया गया था, लेकिन लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों की आचार संहिता के चलते इसे अक्टूबर 2024 में बंद करना पड़ा था। करीब एक साल बाद, कार्यकर्ताओं की मांग पर इसे फिर से शुरू किया जा रहा है।
पहले चरण में पांच मंत्रियों की ड्यूटी तय की गई है:
6 अक्टूबर: टंकराम वर्मा (राजस्व मंत्री)
7 अक्टूबर: गजेंद्र यादव (स्कूल शिक्षा मंत्री)
8 अक्टूबर: केदार कश्यप (वन मंत्री)
9 अक्टूबर: गुरु खुशवंत साहेब (तकनीकी शिक्षा मंत्री)
10 अक्टूबर: दयालदास बघेल (खाद्य मंत्री)





