अचानकमार टाइगर रिजर्व में बढ़ी बाघों की संख्या, 18 पहुंचे आंकड़े

बिलासपुर। अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) से अच्छी खबर आई है। यहां बाघों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है, जिनमें आठ शावक भी शामिल हैं। यह जानकारी वनमंत्री की समीक्षा बैठक में साझा की गई। प्रबंधन का दावा है कि आने वाले दिनों में बेहतर संरक्षण और योजनाओं पर जोर दिया गया तो पर्यटक भी देश के अन्य रिजर्व की तरह हर रोज बाघों के दीदार कर सकेंगे।
अब तक ATR प्रबंधन ने आधिकारिक संख्या साझा नहीं की थी, क्योंकि सुरक्षा कारणों से आंकड़ा गोपनीय रखा जाता था। हालांकि, बीच-बीच में पर्यटकों को बाघ दिखते रहे और अब कैमरा ट्रैप व प्रत्यक्ष अवलोकन के आधार पर आधिकारिक संख्या जारी कर दी गई है।
बाघों की संख्या बढ़ने पर वनमंत्री ने अफसरों की पीठ थपथपाई और संरक्षण को और मजबूत करने के निर्देश दिए। प्रबंधन का मानना है कि वृद्धि के पीछे बेहतर सुरक्षा, घास के मैदान का विकास और 500 से अधिक प्राकृतिक जलस्त्रोतों की मौजूदगी अहम वजह है। इन जलस्त्रोतों में सालभर पानी रहता है। बाघों की निगरानी के लिए विशेष STPF टीम तैनात है, जो लगातार ट्रैकिंग करती है। इसके अलावा, कोटा में स्थापित GIS सेल साप्ताहिक और मासिक डाटा का विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार करता है।
गौरतलब है कि अचानकमार को वर्ष 2009 में टाइगर रिजर्व घोषित किया गया था। शुरुआती वर्षों में साधनों की कमी से अनुमानित आंकड़े ही सामने आते थे, पर अब ट्रैप कैमरों की तकनीक से सटीक गणना संभव हो रही है। इन प्रयासों से ATR बाघ संरक्षण के मामले में लगातार मजबूत स्थिति में आ रहा है।





