रायपुर NIT से पढ़ने वाले बी. साईराम होंगे कोल इंडिया लिमिटेड के नए चेयरमैन

रायपुर। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक बी. साईराम को कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) का अगला चेयरमैन बनाने की सिफारिश की गई है। लोक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने उनका चयन 11 उम्मीदवारों में से किया है। वह मौजूदा चेयरमैन पीएम प्रसाद का स्थान लेंगे, जो 1 नवंबर 2025 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
साईराम ने एनआईटी रायपुर से खनन इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और कोयला क्षेत्र में 33 साल से अधिक का अनुभव रखते हैं। उन्होंने एनटीपीसी स्कूल ऑफ बिजनेस, दिल्ली से ऊर्जा प्रबंधन में पीजीडीएम भी किया है।
मार्च 2024 से वे एनसीएल के सीएमडी हैं और इससे पहले सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड में निदेशक (तकनीकी) रहे। यहाँ उन्होंने खदान संचालन, परियोजना विकास और सामुदायिक विकास से जुड़ी कई अहम जिम्मेदारियां निभाई। उनकी अगुवाई में कई बड़ी खनन और लॉजिस्टिक परियोजनाएं आगे बढ़ीं।
अब साईराम कोल इंडिया की कमान संभालेंगे और कंपनी को नई दिशा देने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।





