सिंधी समाज ने प्री-वेडिंग शूट, शराब पार्टी और दूल्हे को कंधे पर उठाने पर प्रतिबंध लगाया, संस्कारों की रक्षा का संकल्प

राजनांदगांव। पूज्य सिंधी पंचायत हेमू कालानी नगर ने आगामी विवाह और मांगलिक कार्यक्रमों में अमर्यादित परंपराओं और अनैतिक गतिविधियों पर कड़ा प्रतिबंध लगाया है। समाज के सभी लोगों से नियमों का पालन करने का आवाहन किया गया है।
बैठक में वरिष्ठ सलाहकार आवतराम तेजवानी, अर्जुनदास पंजवानी, घनश्यामदास गंगवानी, गुरमुखदास वाधवा और अध्यक्ष मन्नुमल मोटलानी ने कहा कि क्षणिक आनंद के लिए संस्कारों की अवहेलना समाजहित में नहीं है। इसलिए विवाह समारोहों में पुल पार्टी, शराब, बियर, धूम्रपान और हुक्का पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बारात मार्ग और खुले स्थानों पर मदिरापान वर्जित रहेगा।
पंचायत ने स्पष्ट किया कि विवाह कार्यक्रम केवल तय समयानुसार ही आयोजित हों। प्री-वेडिंग शूट, पटाखा फोड़ना, महिलाओं का सड़क पर नृत्य, वधु पक्ष से धन की मांग और दूल्हे को कंधे पर उठाना प्रतिबंधित रहेगा। महासचिव हरीश मोटलानी ने कहा कि वरमाला संस्कार गरिमामय हो और उसका उपहास न किया जाए।
जनसंपर्क प्रभारी अमर लालवानी और अरुण डुलानी ने बताया कि ये नियम शहर के भीतर और बाहर दोनों जगह लागू रहेंगे। पंचायत के उपाध्यक्ष राजकुमार डुलानी, चंदन रूचंदानी, प्रहलाज चेतवानी और अर्जुन गंगवानी ने समाज के लोगों से अनुशासन बनाए रखने और परंपराओं की गरिमा बनाए रखने की अपील की। इस पहल का उद्देश्य विवाह संस्कारों की पवित्रता बनाए रखना और समाज में अनुशासन और नैतिक मूल्यों की रक्षा करना है। पंचायत ने कहा कि सभी परिवार इन नियमों का पालन करें और विवाह समारोहों को संस्कृति और परंपरा के अनुरूप आयोजित करें।





