प्रदेश में बदल रहा मौसम का मिजाज, अगले दो दिनों में इन जिलों में होगी गरज-चमक के साथ बारिश

रायपुर। मानसून की वापसी से पहले छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां और तेज होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 60.0 मिमी वर्षा राजनांदगांव में हुई। गंडई और भानुप्रतापपुर में 50.0 मिमी, बारसूर, कोंटा, बेलगहना, ओरछा, कवर्धा, छुईखदान और अकलतरा में 40.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लोरमी, जगदलपुर, अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़ और साल्हेवारा में 30.0 मिमी, जबकि नानगुर, बलौदा बाजार, अर्जुंदा, बोड़ला, डोंगरगांव, देवभोग, माकड़ी, दुर्गूकोंदल, सहसपुरलोहारा, लवन, गुंडरदेही, पामगढ़, लोहंडीगुड़ा और पंडरिया में 20.0 मिमी वर्षा हुई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले 24 घंटों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। 25 सितंबर के आसपास पूर्वी मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय होगा, जो 27 सितंबर तक दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों को पार कर सकता है। इससे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी।
सोमवार को राजधानी रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस अवधि में अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर मेघगर्जन व वज्रपात की आशंका है।





