ऑनलाइन जॉब के झांसे में मेडिकल स्टूडेंट से ठगी, 11.50 लाख रुपए हुए हाथ से

रायपुर। पंडरी मोवा क्षेत्र की मेडिकल स्टूडेंट पाखी वर्मा ऑनलाइन जॉब के झांसे में आ गई। ठगों ने उन्हें घर बैठे टॉस्क करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का वादा किया। शुरू में तीन किस्तों में 2 हजार रुपए उनके खाते में ट्रांसफर किए गए, जिससे छात्रा का विश्वास बढ़ा। इसके बाद ठगों ने उनसे 5 हजार, 50 हजार और डेढ़ लाख रुपए जमा करवा लिए।

कुछ समय बाद टॉस्क में गलती बताकर साढ़े चार लाख रुपए और फाइन के रूप में ठगों ने मांगे। ठगी का सिलसिला ऐसे चलता रहा कि पाखी वर्मा ने कुल साढ़े 11 लाख रुपए ठगों के संदिग्ध खातों में ट्रांसफर कर दिए। भुगतान के पहले और रुपए मांगने का सिलसिला भी जारी रहा।

पंडरी पुलिस ने छात्रा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पाखी वर्मा ने रिपोर्ट में बताया कि 30 मई से लगभग डेढ़ महीने तक यह ठगी चलती रही। ठगों ने उन्हें वॉट्सऐप के जरिये ‘वेलफेयर टास्क वर्क फॉर होम ग्रुप’ में जोड़ा। टॉस्क मिलने पर उसे पूरा कर स्क्रीनशॉट भेजना होता था।

शुरुआत में 10 से ज्यादा टॉस्क पूरे करने पर 30 मई 2025 को 1850 रुपये तीन किस्तों में भेजे गए। इसके बाद अधिक लाभ का वादा करके 5 हजार रुपए, फिर 15 हजार और 50 हजार रुपए जमा कराए गए। टॉस्क में गलती बताकर साढ़े चार लाख रुपए फाइन के रूप में मांगे गए। इसी तरह ठगों ने पाखी वर्मा को उलझाकर कुल 11.50 लाख रुपए ठग लिए। पुलिस अब संदिग्ध खातों की जानकारी जुटा रही है और ठगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button