छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए खुशखबरी: 6 साल बाद होगी 625 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को रोजगार और उच्च शिक्षा संस्थानों को मजबूती देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। उच्च शिक्षा विभाग (Higher Education Department) में 700 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। वित्त विभाग (Finance Department) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इनमें 625 सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor), 25 क्रीड़ा अधिकारी (Sports Officer) और 50 ग्रंथपाल (Librarian) के पद शामिल हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Chief Minister Vishnu Deo Sai) ने इस फैसले को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि यह भर्ती न केवल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खोलेगी, बल्कि महाविद्यालयों में शिक्षा और शोध की गुणवत्ता को भी नई दिशा देगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पहले से ही शिक्षकों के 5000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चला रही है।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी (Finance Minister O.P. Choudhary) ने कहा कि शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। 700 पदों पर भर्ती की स्वीकृति युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सशक्त करने का कदम है।
राज्य सरकार ने बताया कि पिछले 21 महीनों में महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग और आदिम जाति विकास विभाग में भी बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की गई हैं। 2019 में 1384 पदों के लिए 25 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, लेकिन इस बार प्रतियोगिता और कठिन मानी जा रही है।
पिछले पांच सालों में NET और PhD धारकों की संख्या बढ़ी है। वहीं हाल ही में हुए CG SET 2024 में करीब 6 हजार उम्मीदवार सफल हुए हैं, जिससे इस भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभागियों की संख्या और अधिक हो जाएगी।





