प्रदेश के सभी स्कूलों और छात्रावासों की रसोई में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

रायपुर। सुकमा जिले के पकेला पोटाकेबिन स्कूल में बच्चों के खाने में फिनाइल मिलने की घटना और हाईकोर्ट के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने सभी जिलों के अधिकारियों को 10 बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब सभी स्कूलों और छात्रावासों की रसोई और डाइनिंग स्पेस में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
निर्देशों के अनुसार, बच्चों के मध्याह्न भोजन में किसी भी गड़बड़ी की जिम्मेदारी संस्था प्रमुख की होगी और चूक पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रसोई और भोजन परोसने के स्थान पर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा, प्रत्येक जिले में खाद्य सुरक्षा के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
निर्देशों में यह भी कहा गया है कि सभी छात्रावासों और विद्यालयों में प्राथमिक चिकित्सा किट और बुनियादी विषहर औषधियां उपलब्ध कराई जाएंगी। आपातकालीन स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से समन्वय किया जाएगा और खाद्य विषाक्तता की स्थिति में मॉक ड्रिल करना अनिवार्य होगा।
भोजन परोसने से पहले शिक्षक और वार्डन को रोजाना भोजन चखना होगा और प्रमाण पत्र देना होगा। खाद्य भंडारण क्षेत्र से फिनाइल, कीटनाशक, डिटर्जेंट और अन्य रसायनों को अलग से रखने के निर्देश हैं। अनाज और दालों को सीलबंद कंटेनरों में सुरक्षित रखना होगा।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों, संभागायुक्तों, कलेक्टरों और एसपी को स्पष्ट किया है कि किसी भी लापरवाही की जिम्मेदारी सीधे प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और वार्डन की होगी। साथ ही, अभिभावक-शिक्षक निगरानी समिति का गठन कर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।





