मंत्री केदार कश्यप पर मारपीट का आरोप, कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन और परिवहन मंत्री केदार कश्यप पर मारपीट और गाली-गलौज का गंभीर आरोप लगा है। मामला जगदलपुर सर्किट हाउस का है, जहां संविदा कर्मचारी खितेंद्र पांडेय ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया कि शनिवार शाम नाश्ता बनाने के दौरान मंत्री के सुरक्षाकर्मी उन्हें कमरे में ले गए। वहां मंत्री ने ताला समय पर न खुलवाने पर गुस्से में जूते से पिटाई की और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
पीड़ित ने क्या कहा
खितेंद्र पांडेय ने बताया कि वे 20 वर्षों से सर्किट हाउस में काम कर रहे हैं, लेकिन ऐसा बर्ताव पहली बार झेलना पड़ा। उनका कहना है कि वे नाश्ता बना रहे थे, तभी मंत्री का पीएसओ बुलाने आया। कमरे में पहुंचते ही मंत्री ने जूता उठाया, गालियां दीं और कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारे। पीए ने किसी तरह छुड़वाया। खितेंद्र ने कहा कि वे लकवा पेशेंट हैं और घटना के वक्त सभी कमरे खुले हुए थे।
कांग्रेस का हमला
कांग्रेस ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से ऐसा व्यवहार बेहद निंदनीय है और यह मंत्री का अहंकार दिखाता है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भाजपा मंत्री ने बस्तर में कर्मचारी को गालियां दीं और कॉलर पकड़कर पीटा। उन्होंने कहा कि भाजपा को तुरंत इस्तीफा लेना चाहिए और मंत्री को सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।





