गणेश विसर्जन और ईद मिलाद-उन-नबी पर DJ-पटाखों पर बैन, CCTV से होगी सख्त निगरानी

रायपुर। रायपुर में 8 सितंबर को गणेश विसर्जन झांकी निकाली जाएगी। जिला प्रशासन ने झांकी और ईद मिलाद-उन-नबी दोनों अवसरों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। इस बार जुलूस के दौरान DJ बजाने और पटाखे छोड़ने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी और पूरे शहर पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी।
मंगलवार को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की मौजूदगी में बैठक हुई, जिसमें अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि परंपराओं और उत्साह के साथ त्योहार मनाए जाएं, लेकिन शांति और भाईचारा सबसे अहम है। शांति समिति की बैठक में ही DJ और पटाखों पर बैन का फैसला लिया गया। एडीएम उमाशंकर बंदे और एएसपी लखन पटले ने समाज प्रमुखों से चर्चा करते हुए कहा कि नियमों का पालन जरूरी है। एएसपी ट्रैफिक प्रशांत शुक्ला और अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
एएसपी लखन पटले ने कहा कि जुलूस समय पर नियंत्रित ढंग से पूरे किए जाएंगे। DJ और पटाखों पर सख्ती से रोक रहेगी। यातायात को व्यवस्थित करने के लिए रूट पहले से तय कर दिए गए हैं। वहीं, पुलिस ने साफ किया है कि अगर कोई हुड़दंग या शांति भंग करने की कोशिश करेगा तो उस पर कठोर कार्रवाई होगी। त्योहारों के दौरान सभी चौक-चौराहों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी। हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गणेश विसर्जन और ईद मिलाद-उन-नबी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं, यही सभी की जिम्मेदारी है।





