रायपुर : गणेश प्रतिमाओं के स्वरूप पर विवाद, सर्व हिंदू समाज ने की सख्त कार्रवाई की मांग

रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेशोत्सव के बीच गणपति प्रतिमाओं के स्वरूप को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में SSP कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
संगठन की प्रतिनिधि विश्वामिनी पांडे ने बताया कि देशभर की तरह रायपुर में भी गणपति बप्पा की स्थापना धूमधाम से की जा रही है। लेकिन कुछ पंडालों में पारंपरिक स्वरूप बदलकर गणपति की प्रतिमाओं को कार्टून या क्यूट स्टाइल में सजाया गया है। इससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और बच्चों-युवाओं के बीच भगवान का मजाक बनने का खतरा है।
सर्व हिंदू समाज ने प्रशासन से ऐसे पंडालों की समितियों पर दंडात्मक कार्रवाई और विवादित प्रतिमाओं के तुरंत विसर्जन की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।





