अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट: छत्तीसगढ़ में बाढ़-बिजली से जनजीवन प्रभावित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं रायपुर समेत 12 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और आंधी चलने का यलो अलर्ट है। रविवार सुबह रायपुर में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं तेज बारिश भी हुई।

पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 60 मिमी बारिश बस्तर के कोहकामेटा में दर्ज की गई। लगातार बारिश से कई नदियां उफान पर हैं। सरगुजा जिले में अलग-अलग घटनाओं में नदी और डबरी में डूबने से 7 साल के बच्चे और 70 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। वहीं बीजापुर में 5 दिन पहले नदी में बही दो बच्चियों के शव भी बरामद कर लिए गए।

भारी बारिश से बस्तर संभाग के 4 जिलों में 200 से ज्यादा मकान ढह गए हैं और 2196 लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है। दंतेवाड़ा में बाढ़ से करीब 50 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। कई पुल-पुलियों के टूटने से गांवों का संपर्क टूट गया है। बारसूर में स्टेट हाईवे-5 का पुल टूटने के बाद ग्रामीण सीढ़ी बांधकर आवाजाही कर रहे हैं।

बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और बस्तर के राहत शिविरों में पीड़ितों को सूखा राशन, पानी और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। मोबाइल टीमें स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही हैं। वहीं, बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात समेत कई जगहों पर तेज बहाव के कारण प्राकृतिक नजारे भी देखने को मिल रहे हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों तक बारिश और तेज होगी। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।





