छत्तीसगढ़ में सितंबर से बिजली सब्सिडी पर बड़ा बदलाव, 400 यूनिट तक की छूट खत्म

रायपुर। प्रदेश के उपभोक्ताओं को पिछले छह सालों से मिल रही ‘‘बिजली बिल हाफ’’ योजना में अब बड़ा बदलाव किया गया है। पहले जहां 400 यूनिट तक बिजली खपत पर 50 प्रतिशत की सब्सिडी दी जाती थी, अब यह सुविधा खत्म कर दी गई है। सितंबर महीने से आने वाले बिलों में उपभोक्ताओं को इस बदलाव का सीधा असर दिखाई देगा।
राज्य सरकार ने नई व्यवस्था के तहत केवल 100 यूनिट या उससे कम खपत करने वाले उपभोक्ताओं को ही 50 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है। यानी जिन घरों में बिजली खपत 100 यूनिट से अधिक होगी, उन्हें पूरा बिल चुकाना पड़ेगा। इससे मध्यमवर्गीय और छोटे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की संभावना है।
गौरतलब है कि ‘‘बिजली बिल हाफ’’ योजना की शुरुआत 6 साल पहले की गई थी, जिसका लाभ लाखों परिवारों को लगातार मिल रहा था। लेकिन सरकार ने अब इस योजना को सीमित कर दिया है। विपक्ष ने इसे आम जनता पर सीधा प्रहार बताते हुए विरोध शुरू कर दिया है, वहीं सरकार का कहना है कि कम खपत करने वाले गरीब उपभोक्ताओं को ही इसका फायदा दिया जाएगा।





