मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने टोक्यो में किया गांधीजी को नमन

रायपुर/टोक्यो। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने जापान प्रवास के दौरान टोक्यो स्थित ‘लिटिल इंडिया’ पहुँचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी का शांति, अहिंसा और सद्भाव का अमर संदेश भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्त्रोत है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि टोक्यो का ‘लिटिल इंडिया’ भारत-जापान के गहरे रिश्तों और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक है। यहाँ स्थापित गांधी प्रतिमा भारतीय समुदाय के लिए गर्व का विषय होने के साथ-साथ जापानी नागरिकों को भी भारत की महान परंपराओं और मूल्यों से जोड़ती है। उन्होंने आगे कहा कि गांधीजी के आदर्श आज भी दुनिया को शांति और सहयोग की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय के साथ प्रतिनिधिमंडल के सदस्यगण भी उपस्थित रहे।





