बलरामपुर में उफान पर कन्हर नदी, 10 जिलों में अलर्ट; रायगढ़-जशपुर में भारी बारिश की आशंका

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। रविवार सुबह राजधानी रायपुर में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विशेषकर बलरामपुर, जशपुर और रायगढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है, वहीं बिलासपुर और दुर्ग जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। कन्हर नदी का जल स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा है और आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

कन्हर का पानी फकीरवा नाला होकर वार्ड क्रमांक 13, 14 और 15 तक पहुंच रहा है। इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और कई घरों में पानी भर गया है। स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।

दुर्ग जिले में रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और दिनभर रुक-रुककर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। यहां तापमान औसतन 22.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। वहीं हवाओं की रफ्तार 18 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।

रायगढ़ में भी लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। शुक्रवार को केलो डैम के चार गेट खोले गए, जिसके बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। कोंडकेल तिराहे पर कमर तक पानी भर गया, जिससे आमजन की परेशानी बढ़ गई। मौसम विभाग का कहना है कि बस्तर संभाग में सिस्टम कमजोर होने से यहां अपेक्षाकृत कम बारिश होगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई