भाजयुमो कार्यकारिणी में नए चेहरों की एंट्री, सितंबर में नई टीम का ऐलान

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) में संगठन विस्तार की तैयारियां तेज हो गई हैं। लंबे इंतजार के बाद 25 अगस्त को नए अध्यक्ष राहुल टिकरिहा शपथ ग्रहण करेंगे। यह समारोह एकात्म परिसर में होगा। शपथ ग्रहण के बाद कार्यकारिणी के विस्तार की प्रक्रिया शुरू होगी और सितंबर के पहले हफ्ते तक नई टीम का ऐलान किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, इस बार कार्यकारिणी में नए और युवा चेहरों को बड़ी संख्या में जगह मिलेगी। पार्टी का लक्ष्य आगामी नगरीय निकाय चुनाव और 2028 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए ऐसी टीम तैयार करना है जो सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे, युवाओं से सीधा संवाद कर सके और बूथ स्तर तक मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सके।
प्रदेश भाजपा नेतृत्व पिछले एक महीने से कार्यकारिणी को लेकर लगातार बैठकों में जुटा है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और बस्तर संभाग से नए नामों पर गहन चर्चा की गई है। बताया जा रहा है कि आधे से ज्यादा सदस्य पहली बार कार्यकारिणी में शामिल होंगे। वहीं, कुछ पुराने पदाधिकारियों को दूसरी जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
भाजपा का कहना है कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भाजयुमो की नई टीम ऊर्जावान, जुझारू और जमीनी कार्यकर्ताओं पर आधारित हो। यही कारण है कि छात्र राजनीति और आईटी सेल से जुड़े कार्यकर्ताओं को भी जगह मिलने की संभावना है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा इस बार युवाओं की ताकत को आगे लाकर कांग्रेस को सीधी टक्कर देने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस की आईटी सेल और एनएसयूआई भी सक्रिय हैं, ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि नई भाजयुमो टीम चुनावी राजनीति में कितना असर दिखाती है।





