हिस्ट्रीशीटर की पत्नी का थाने में हाईवोल्टेज ड्रामा, पेट्रोल डालकर दी आत्मदाह की धमकी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना रविवार रात को हंगामे का केंद्र बन गया, जब हिस्ट्रीशीटर संजू टंडन की पत्नी मंजू टंडन थाने में पेट्रोल लेकर पहुंच गई। पुलिस ने संजू को चाकू के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की थी। इसी दौरान मंजू ने पहले पति से बात की और फिर अचानक खुद पर पेट्रोल डालकर धमकी देने लगी कि अगर पति को नहीं छोड़ा गया तो वह आत्मदाह कर लेगी। यह देखकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए।
महिला ने थाने में जोरदार हंगामा किया और अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया। वह लाइटर निकालकर खुद को आग लगाने ही वाली थी, तभी सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत पानी डालकर उसे काबू किया। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उसके हाथ से लाइटर छीना और उसे शांत कराया। पुलिस ने मामले में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, मंजू टंडन दोपहर करीब 1.30 बजे अपने पति के लिए खाना लेकर थाने आई थी। बातचीत के बाद उसने अचानक पेट्रोल डालना शुरू किया, जिसकी गंध से पुलिसकर्मियों को स्थिति का पता चला। बाद में संजू को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि पत्नी को समझाइश देकर जमानत पर छोड़ दिया गया।





