रायपुर में धर्मांतरण को लेकर विवाद, पुलिस ने संभाला मोर्चा

रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार सुबह धर्मांतरण को लेकर माहौल गरम हो गया। मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कुकुर बेड़ा इलाके का है, जहां हिंदू संगठनों ने एक मकान का घेराव कर दिया। आरोप है कि यहां मसीही समाज के लोग प्रार्थना सभा के नाम पर धर्म परिवर्तन करा रहे थे।
हिंदू संगठनों का कहना है कि प्रार्थना सभा के दौरान इष्ट देवताओं के बारे में आपत्तिजनक बातें कही जा रही थीं। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत तीन थानों की फोर्स को घटनास्थल पर भेजा। मौके पर सीएसपी और एएसपी रैंक के अधिकारी भी पहुंच गए और स्थिति को काबू में करने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों पक्षों से बात कर माहौल शांत करने की अपील की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि प्रार्थना सभा में वास्तव में क्या हुआ और क्या धर्मांतरण का प्रयास किया गया था। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस ने भारी फोर्स तैनात कर हालात को नियंत्रण में रखा है। प्रशासन का दावा है कि स्थिति अब सामान्य है और मामले में आगे की कार्रवाई सबूतों और जांच के आधार पर की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से समाज में विभाजन पैदा होता है, इसलिए पुलिस को सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।





