महासमुंद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा

महासमुंद। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का पहला चरण आज समाप्त हुआ। इस बार अभियान की थीम रही – “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता – स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग”।
अंतिम दिन मिनी स्टेडियम से आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने हरी झंडी दिखाकर रैली की शुरुआत की। इस यात्रा में जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, डीएमसी रेखराज शर्मा, एबीओ हीना ढाले, बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा, खेल अधिकारी अंजली बरमाल, हितेन्द्र साहू, एनसीसी प्रभारी कमलेश चंद्राकर, कई स्कूलों के शिक्षक, एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स और 10 स्कूलों के करीब 600 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
रैली में देशभक्ति के नारों और गीतों से माहौल देशभक्ति रंग में रंग गया। मिनी स्टेडियम में स्कूली बच्चों ने पीटी प्रदर्शन भी किया।
कलेक्टर लंगेह ने कहा कि तिरंगा सिर्फ ध्वज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के बलिदान, एकता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। इस साल अभियान में स्वच्छता को भी जोड़ा गया है, जो केवल सफाई ही नहीं, बल्कि हमारे विचार और कर्मों की शुद्धता का प्रतीक है।
गौरतलब है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तीन चरणों में चल रहा है – पहला चरण 2 से 8 अगस्त, दूसरा चरण 9 से 12 अगस्त और तीसरा चरण 13 से 15 अगस्त 2025 तक आयोजित होगा।





