सीएम विष्णुदेव साय का बयान: ट्रंप के टैरिफ फैसले पर बोले, पीएम सब देख रहे, बिजली बिल हाफ से मिल रही राहत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50% टैरिफ बढ़ाने के फैसले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर प्रधानमंत्री पहले ही अपनी बात रख चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप से इस तरह की उम्मीद नहीं थी, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री और पूरी कैबिनेट इस मुद्दे को देख रही है।
बिजली बिल हाफ योजना में बदलाव को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर सीएम साय ने कहा कि हम जनता को मुफ्त बिजली की दिशा में ले जा रहे हैं। इसके लिए सरकार भारी सब्सिडी दे रही है। उन्होंने बताया कि जरूरतमंदों को लोन दिलाने के लिए बैंकों से भी बात की जा रही है और लोगों से इसके लिए आवेदन मंगाए गए हैं।
राहुल गांधी के संभावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका दौरा पहले भी चुनावों के समय होता रहा है। उनके आने-जाने से क्या होता है, यह देश और दुनिया जानती है।
सीएम साय ने बताया कि वे जांजगीर-चांपा दौरे पर जा रहे हैं जहां अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की बैठक रखी गई है। इस बैठक में डिप्टी सीएम अर्जुन साव और प्राधिकरण के उपाध्यक्ष खुशवंत साहेब भी मौजूद रहेंगे। अन्य मंत्री भी इस अहम बैठक में हिस्सा लेंगे।





