छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 30 ट्रेनें 16 दिन तक रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

बिलासपुर। बिलासपुर-झारसुगुड़ा रेलखंड पर चौथी लाइन बिछाने के काम के चलते रेलवे ने 31 अगस्त से 15 सितंबर तक छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 30 से अधिक ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है। इसके अलावा 6 ट्रेनों का रूट बदला गया है और 5 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। इस फैसले का असर मध्यप्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, गुजरात, राजस्थान और गोवा जैसे राज्यों के यात्रियों पर पड़ेगा।
रेलवे के मुताबिक यह एक आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है, जिससे भविष्य में ट्रेन संचालन बेहतर होगा। बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का निर्माण हो रहा है, जिसमें अब तक 150 किलोमीटर तक का कार्य पूरा किया जा चुका है। इस प्रोजेक्ट के तहत रायगढ़ रेलवे स्टेशन को भी चौथी लाइन से जोड़ा जाएगा। रेलवे का कहना है कि यह काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।
हालांकि, ट्रेनों के निरस्त होने से आम यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। खास बात यह है कि यात्रियों के लिए फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। रेलवे का दावा है कि यह परियोजना पूरा होने के बाद ट्रेनों की रफ्तार और समयबद्धता में सुधार होगा। लेकिन जब तक कार्य जारी है, तब तक यात्रियों को यात्रा से पहले अपडेट चेक करना जरूरी है।





