प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से आत्मनिर्भर बना हिड़को परिवार, हर महीने कमा रहे 40 हजार रुपए

मोहलाप्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम एकटकन्हार के अजीत हिड़को और उनकी पत्नी उषा हिड़को ने मुर्गी पालन का व्यवसाय शुरू कर अपने परिवार को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना लिया है। पहले ये दंपति दूसरों के खेतों में मजदूरी करते थे, लेकिन अब वे हर महीने 20 से 40 हजार रुपए तक की आमदनी कर रहे हैं।

हिड़को दंपति ने बताया कि उन्होंने सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत 5 लाख रुपए का बैंक से लोन लिया, जिसमें 35% अनुदान भी मिला। शुरुआत में उन्होंने सिर्फ 100 देशी चूजों से अपने घर के एक छोटे से कमरे में मुर्गी पालन शुरू किया। लगातार मेहनत और प्रशिक्षण के दम पर आज वे हर महीने करीब 1,000 मुर्गियों का पालन कर रहे हैं।

इस व्यवसाय की सफलता में तकनीकी प्रशिक्षण का भी बड़ा योगदान रहा। अजीत हिड़को ने कामधेनु विश्वविद्यालय दुर्ग अंजोरा, कृषि विज्ञान केंद्र और अन्य संस्थानों से ट्रेनिंग लेकर आधुनिक तकनीक सीखी, जिससे उन्हें काम में बहुत मदद मिली।

उषा हिड़को ने बताया कि वे बिहान योजना से जुड़कर पशु सखी के रूप में भी काम कर रही हैं, जिससे उनकी आय में और बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन का धन्यवाद किया।

जिला कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने उनके कुक्कुट फार्म का निरीक्षण कर अजीत और उषा को बधाई दी और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। आज हिड़को परिवार की मेहनत और लगन से न सिर्फ उनका जीवन बदला है, बल्कि वे गांव के लिए भी प्रेरणा बन गए हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button