BREAKING: नाले में गिरी कार, BJYM मंडल अध्यक्ष समेत दो की मौत: भूतेश्वरनाथ दर्शन जाते वक्त हुआ हादसा

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में रविवार देर रात भीषण हादसे में भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) के मंडल अध्यक्ष समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसा फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के एक संकरे मार्ग पर हुआ, जहां कार के ड्राइवर को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा। इस हादसे में कार के सभी दरवाजे लॉक हो गए, जिससे अंदर बैठे पांच लोग फंस गए। सुबह ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, सभी यात्री बिलाईगढ़ जिले के भटगांव से भूतेश्वरनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। रात करीब 2 बजे पंकज दास मानिकपुरी (38), जो कार चला रहे थे, उन्हें झपकी आ गई। इससे कार एक पत्थर से टकराकर नाले में गिर गई। हादसे में पंकज दास और लोकेश साहू (35) की मौके पर ही मौत हो गई।
बाकी तीन लोग – राजेश कुमार आदित्य, ननकी साहू और दयाराम यादव घायल हो गए हैं। उन्हें फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग बेहद संकरा है और रात्रि में अंधेरे के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है।





