कांकेर: जामगांव मामले को लेकर ईसाई समुदाय का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कांकेर। जामगांव में धर्मांतरण के बाद एक ग्रामीण की मौत और फिर कफन-दफन को लेकर हुए विवाद के बाद अब मामला गरमाता जा रहा है। इसी को लेकर आज कांकेर में ईसाई समुदाय के लोग बड़ी संख्या में एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
ईसाई समुदाय का आरोप है कि जामगांव में कब्र से शव निकाला गया, पीड़ित परिवार को धमकाया गया और चर्च में तोड़फोड़ की गई। इसके साथ ही वे दुर्ग में एक नन की गिरफ्तारी का भी विरोध कर रहे हैं।
प्रदर्शन को देखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
कब्र खोदने की घटना से नाराज लोग कांकेर के मेलाभाटा मैदान में हजारों की संख्या में जुटे। यहां सभा करने के बाद उन्होंने मुख्य मार्ग से रैली निकाली और कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर को पांच सूत्रीय मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। उनकी प्रमुख मांग है कि जामगांव में प्रार्थना स्थल को नुकसान पहुंचाने और कब्र से शव निकालने की घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस दौरान पुलिस ने कलेक्ट्रेट मार्ग में बैरिकेट लगाकर भीड़ को रोका, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रही।





