छत्तीसगढ़ में फिलहाल भारी बारिश के आसार कम, सिस्टम कमजोर पड़ा

रायपुर। प्रदेश में आने वाले दो-तीन दिन भारी बारिश के आसार कम हैं। सिस्टम कमजोर पड़ने के साथ ही मानसूनी द्रोणिका सामान्य स्थिति में है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसूनी द्रोणिका सामान्य स्थिति में है और कोई मजबूत सिस्टम विकसित नहीं हो रहा है। इस कारण प्रदेशभर में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इस समय छत्तीसगढ़ और उससे लगे किसी भी सरहदी राज्य में कोई प्रभावशाली सिस्टम नहीं है। फिलहाल बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में एक सिस्टम विकसित हो रहा है, लेकिन उसका सीधा प्रभाव छत्तीसगढ़ पर पड़ने की संभावना नहीं है। इसका असर सीमित रहेगा और प्रदेश में केवल बौछारें या मध्यम बारिश देखने को मिलेगी।

हालांकि, उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जरूर जारी की गई है। वहीं राजधानी रायपुर में एक-दो बार हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन भारी वर्षा की कोई संभावना नहीं है। रविवार को भी प्रदेश के कुछ गिने-चुने इलाकों में ही हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में बारिश नहीं होने के कारण दिन में हल्की उमस और गर्मी महसूस की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे ही नया सिस्टम विकसित होगा, तब बारिश की गतिविधियां फिर से तेज हो सकती हैं। फिलहाल किसानों और आम नागरिकों को कुछ दिन राहत की स्थिति बनी रहेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button