सचिन पायलट जेल में मिलेंगे चैतन्य बघेल से, आज रायपुर दौरे पर पहुंचेंगे

रायपुर। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज रायपुर पहुंचेंगे और रायपुर सेंट्रल जेल में बंद चैतन्य बघेल से मुलाकात करेंगे। चैतन्य, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे हैं, जिन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया है। पायलट सुबह 8 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 11 बजे जेल में चैतन्य से मुलाकात करेंगे।
ED ने चैतन्य को 22 जुलाई को कोर्ट में पेश किया था, जिसके बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में 4 अगस्त तक जेल भेजा गया है। ED के अनुसार, चैतन्य का नाम शराब कारोबारी लक्ष्मी नारायण बंसल उर्फ पप्पू के बयान में सामने आया, जिसमें दावा किया गया कि चैतन्य ने शराब घोटाले की रकम को अनवर ढेबर, दीपेन चावड़ा और राम गोपाल अग्रवाल के माध्यम से संभालने में भूमिका निभाई।
ED का कहना है कि पूछताछ में चैतन्य ने संतोषजनक जवाब नहीं दिए, इसलिए मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया। हालांकि बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ED ने कोर्ट में भ्रामक तथ्य प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि चैतन्य ने 2019 में 5 करोड़ का लोन लिया था, जिस पर अब तक 2.21 करोड़ ब्याज चुका चुके हैं। वहीं, फ्लैट बिक्री के मामले में पहले ही स्पष्टता आ चुकी है।
सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में ED को फटकार लगाई थी कि राजनीतिक लड़ाइयां जांच एजेंसियों से नहीं, चुनावों में लड़ी जानी चाहिए। पायलट की इस मुलाकात को कांग्रेस की एकजुटता और समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।





