बिलासपुर: मलेशिया में लापता हुआ युवक, परिजन परेशान: केंद्रीय मंत्री ने की विदेश मंत्रालय से मदद की अपील

बिलासपुर। शहर का एक युवक मलेशिया में लापता हो गया है। परिजन बेहद चिंतित हैं और उसकी तलाश में मदद की गुहार लगा रहे हैं। इस मामले को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह को पत्र लिखकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, जूना बिलासपुर निवासी राजेश तंबोली का बेटा दीपक तंबोली (29 वर्ष) रोजगार की तलाश में 31 मई को मलेशिया गया था। वह 1 जून को कुआलालंपुर पहुंचा और होटल केयर सेंट्रल पॉइंट से अपने परिवार से कॉल पर बात की थी।
लेकिन 18 जुलाई के बाद से दीपक का मोबाइल बंद है और तब से उसका किसी से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। परिजनों ने बताया कि आखिरी बार हुई बातचीत में दीपक ने कहा था कि वह किसी दूसरे गेस्ट हाउस में शिफ्ट हो रहा है। इसके बाद से उसकी कोई खबर नहीं है।
दीपक 30 दिन के टूरिस्ट वीजा पर मलेशिया गया था, जो अब खत्म हो चुका है। युवक के लापता होने की जानकारी पुलिस, डीएसबी और भारतीय दूतावास को दी गई है। थाना प्रभारी विवेक पांडे ने बताया कि युवक की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है और ईमेल के जरिए भारतीय दूतावास से भी संपर्क किया गया है।
परिवार की पीड़ा को देखते हुए केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने विदेश मंत्रालय से अपील की है कि परिवार को जल्द मदद दी जाए और पूरे मामले की जांच कराई जाए, ताकि दीपक तंबोली की सही-सलामत वापसी हो सके।





