भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का चक्काजाम, नेताओं के बीच हुई बहस का वीडियो वायरल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस ने बुधवार को पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने 33 जिलों में दो घंटे तक चक्काजाम किया और बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
रायपुर में खुद भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आर्थिक नाकेबंदी सफल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की सरकार अहमदाबाद से चलाई जा रही है और अडाणी के दफ्तर से संचालित हो रही है। बघेल ने कहा कि रमन सरकार के समय के मुख्य सचिव रहे अमन सिंह और अडाणी मिलकर प्रदेश की संपत्ति लूटने की साजिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनते ही सरगुजा, हसदेव और तमनार में जंगलों की कटाई हुई, लेकिन किसी पर कार्रवाई नहीं हुई। यह जल, जंगल और जमीन बचाने की लड़ाई है।
प्रदेश के अलग-अलग शहरों में कांग्रेसियों ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया।
सरगुजा में रघुपति राघव गाकर विरोध किया गया।
बिलासपुर में फ्लाईओवर के नीचे चक्काजाम हुआ।
पेंड्रा में बारिश के बीच प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस नेताओं में आपसी बहस का वीडियो वायरल
रायपुर में कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी के दौरान दो नेताओं के बीच बहस हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला और जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे के बीच कहासुनी हो गई। वीडियो में दोनों एक-दूसरे से बहस करते दिखे, और कार्यकर्ताओं को बीच-बचाव करना पड़ा।
भाजपा ने ली चुटकी
भाजपा ने इस घटना पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब सड़कों पर भी बंटी हुई नजर आ रही है। भाजपा मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस नेता खुद ही एक-दूसरे से उलझ रहे हैं, इससे साफ है कि उनकी राजनीति भ्रम और दिखावे की है। जिस पार्टी के नेता आपस में नहीं मिल पा रहे, वो जनता के मुद्दों की क्या लड़ाई लड़ेंगे।





