NSUI में हनी बग्गा को बड़ी जिम्मेदारी, अब संगठन सचिव और दिल्ली प्रभारी नियुक्त

रायपुर। कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) में छत्तीसगढ़ से जुड़े हनी बग्गा को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए हनी बग्गा को संगठन सचिव और दिल्ली प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति NSUI में उनके प्रभावी योगदान और दिल्ली विश्वविद्यालय चुनाव में संगठन की जीत के बाद की गई है।
हनी बग्गा इससे पहले भी लगातार दो वर्षों तक दिल्ली प्रदेश के प्रभारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनकी मेहनत और नेतृत्व क्षमता के चलते दिल्ली विश्वविद्यालय चुनाव में NSUI को बड़ी जीत हासिल हुई थी। इस सफलता को ध्यान में रखते हुए उन्हें एक बार फिर दिल्ली की कमान सौंपी गई है, साथ ही संगठन सचिव का नया पद भी सौंपा गया है।
मीडिया से बातचीत में हनी बग्गा ने कहा कि यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मुझे संगठन की इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा, “मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करता हूं।”
हनी बग्गा ने यह भी कहा कि वे संगठन के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाते रहेंगे। उनकी नियुक्ति से NSUI में नई ऊर्जा और दिशा की उम्मीद की जा रही है।





