बलौदाबाजार के खिलाड़ियों का जलवा, राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतियोगिता में जीते कई मेडल

बलौदाबाजार: खिलाड़ियों ने 68वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया और कुराश और नेटबॉल में सोना, चांदी और कांस्य पदक अपने नाम किए।
इन विजेता खिलाड़ियों को शनिवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े ने खिलाड़ियों को गुलदस्ता देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस मौके पर कलेक्टर दीपक सोनी ने राज्य सरकार की तरफ से दी गई पुरस्कार राशि के चेक भी खिलाड़ियों को सौंपे। सोना जीतने वाले खिलाड़ियों को 21 हजार रुपये, चांदी जीतने वालों को 15 हजार रुपये, और कांस्य पदक जीतने वालों को 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिले में खुशी का माहौल है और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





