रेलवे कॉन्ट्रैक्टर और होटल कारोबारी के ठिकानों पर ED की रेड
सीआरपीएफ के साथ पहुंची टीम

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सोमवार सुबह करीब 6 बजे ईडी की टीम ने रेलवे के बड़े ठेकेदार और दुर्ग स्थित होटल सागर इंटरनेशनल के मालिक के दीपक नगर स्थित आवास पर दबिश दी। टीम तीन इनोवा गाड़ियों में पहुंची, जिनके साथ सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक यह कारोबारी समूह कई अलग-अलग नामों से फर्मों का संचालन करता है। इस ग्रुप के सदस्य छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के दौरान मिड डे मील योजना के ठेकों में भी शामिल रहे हैं। इसके अलावा, रेल नीर घोटाले में भी इस परिवार के कुछ सदस्यों के खिलाफ गंभीर आरोप लग चुके हैं।
तीन भाइयों का पारिवारिक बंटवारा, जांच किस पर केंद्रित अभी स्पष्ट नहीं
हालांकि इस परिवार में अब तीन भाइयों के बीच संपत्ति और व्यवसाय का बंटवारा हो चुका है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ईडी की कार्रवाई किस भाई या किस फर्म के खिलाफ केंद्रित है, या फिर तीनों ही जांच के घेरे में हैं। इस परिवार की रायपुर स्थित प्रसिद्ध होटल कोर्टयार्ड मैरियट भी चर्चा में है।
मनी लॉन्ड्रिंग और कर चोरी की आशंका
ईडी की छापेमारी फिलहाल प्रारंभिक स्तर पर है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग, कर चोरी और रेलवे कॉन्ट्रैक्ट घोटालों से जुड़े सबूत इकट्ठा करने के लिए की गई है। इस छापेमारी ने व्यवसायिक और राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है, और आने वाले दिनों में बड़े खुलासे होने की संभावना है।





