बिलासपुर:छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी बनी, पीआर यादव बने प्रदेश अध्यक्ष

बिलासपुर। राज्य के पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए अब एक सशक्त संगठन सामने आया है। इसी उद्देश्य से छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन का गठन किया गया। बिलासपुर के प्रार्थना सभा भवन में एसोसिएशन की कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें पीआर यादव को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष पीआर यादव ने बताया कि पेंशनरों को समय पर पेंशन, महंगाई भत्ता, कैशलेस इलाज की सुविधा और पेंशन प्रकरणों का समयबद्ध निपटारा होना चाहिए। इन मुद्दों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने के लिए यह संगठन काम करेगा।
उन्होंने कहा कि एनपीएस (नई पेंशन योजना) के तहत पेंशन पाने वालों को बहुत कम राशि मिलती है, जिससे घर चलाना मुश्किल हो जाता है। इसलिए पुरानी पेंशन योजना (ओल्ड पेंशन स्कीम) लागू कराने के लिए भी एसोसिएशन संघर्ष करेगा।
पीआर यादव ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने आठवें वेतन आयोग का ऐलान किया है, लेकिन पेंशनरों को इसका लाभ नहीं देने की बात कही है। इससे पेंशनरों की सामाजिक सुरक्षा पर खतरा आ सकता है। इसलिए एसोसिएशन सरकार के सामने लगातार पेंशनरों की मांगें रखता रहेगा और उनके हक के लिए आवाज उठाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से एसोसिएशन पेंशनरों की समस्याओं को उठाता आ रहा है और आगे भी यह काम पूरी ताकत से जारी रहेगा।





