छत्तीसगढ़ की बेटियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान, भारतीय सॉफ्टबॉल टीम में हुआ चयन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार लगातार युवाओं को शिक्षा, रोजगार और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के मौके दे रही है। इसी का नतीजा है कि छत्तीसगढ़ की बेटियाँ आज हर क्षेत्र में अपना नाम रोशन कर रही हैं।

बीजापुर जिले के आवापली गांव की चंद्रकला तेलम और जांजगीर-चांपा जिले की पामगढ़ की शालू डहरिया का चयन भारतीय सॉफ्टबॉल टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी एशिया कप सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप 2025 में भारत की ओर से खेलेंगी। यह प्रतियोगिता 14 से 20 जुलाई तक चीन के शियान शहर में होगी।

खास बात यह है कि भारतीय टीम के कोच के रूप में भी छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के श्रम निरीक्षक सोपान कर्णेवार की नियुक्ति हुई है। उनकी कोचिंग में पहले भी कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं।

चंद्रकला तेलम को अनंतपुर, नागपुर, श्रीनगर और इंदौर में हुए ट्रायल और कैंप में शानदार खेल के दम पर टीम में जगह मिली। अब भारतीय टीम नई दिल्ली में अंतिम तैयारी के बाद 13 जुलाई को चीन के लिए रवाना होगी।

बीजापुर और जांजगीर-चांपा के कलेक्टरों ने दोनों बेटियों और पूरी टीम को शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह टूर्नामेंट इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें जीतने वाली और उपविजेता टीम को वर्ल्ड कप सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में खेलने का मौका मिलेगा। चंद्रकला और शालू की यह सफलता निश्चित ही प्रदेश की दूसरी बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button