बीजापुर में शिक्षा विभाग में फर्जी भुगतान का खुलासा, अधिकारी निलंबित

बीजापुर। जिले में समग्र शिक्षा अभियान के तहत बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। 11 पोटाकेबिन स्कूलों में फर्जी भुगतान के मामले में एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि 42 लाख 78 हजार रुपये बिना काम और बिल चेक किए ही तीन फर्मों के खातों में डाल दिए गए।
यह मामला बीजापुर और भोपालपट्टनम अनुभाग के पोटाकेबिन स्कूलों से जुड़ा है। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम ने जांच की, जिसमें फर्जी भुगतान के पक्के सबूत मिले। इसके बाद कलेक्टर ने दो कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज करने और मुख्य आरोपी अधिकारी को निलंबित करने के आदेश दिए।
जिला शिक्षा विभाग के सहायक परियोजना अधिकारी पुरषोत्तम चंद्राकर पर आरोप है कि उन्होंने ही बिना बिल और काम की पुष्टि किए फर्मों को भुगतान करवा दिया। तीन फर्मों को 42 लाख रुपये से ज्यादा की रकम सीधे खाते में डाल दी गई, जबकि यह भी नहीं देखा गया कि किस तरह का सामान सप्लाई हुआ है या काम हुआ भी या नहीं।
जांच में गड़बड़ियां पाई जाने के बाद पुरषोत्तम चंद्राकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। कलेक्टर ने साफ कहा कि शासकीय राशि के दुरुपयोग पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





