डेली नीड्स स्टोर्स से बेच रहे थे हुक्का पाॅट-तंबाखू, पुलिस की रेड; 5 गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग और भिलाई में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डेली नीड्स स्टोर और पान दुकानों पर छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ दुकानदार युवाओं को हुक्का, ई-सिगरेट और फ्लेवर्ड तंबाकू जैसे नशीले उत्पाद अवैध रूप से बेच रहे हैं।
एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 7 दुकानों से भारी मात्रा में नशीली सामग्री जब्त की है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एसएसडी डेली नीड्स के संचालक रोहित जसवानी के पास से करीब 3.52 लाख रुपये की हुक्का सामग्री, ई-सिगरेट और फ्लेवर्ड तंबाकू जब्त की गई। भिलाई नगर के सिविक सेंटर स्थित गुलेरी पान सेंटर के मालिक अंकित उपाध्याय के पास से भी हुक्का फ्लेवर और नशीली तंबाकू बरामद हुई।
कोटप्पा एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, ये सभी दुकानदार चोरी-छिपे नशे का अवैध कारोबार कर रहे थे। इनके खिलाफ कोटपा एक्ट (COTPA) के तहत केस दर्ज किया गया है। एसएसपी ने कहा है कि भविष्य में भी ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके।
इन दुकानदारों पर की गई कार्रवाई
हरिश तलरेजा, प्यूमेल डेली नीड्स, नेहरू नगर सुपेला
कैलाश धनकुटे, वंश पान पैलेस, स्मृति नगर
कैलाश बिसाई, कैलाश डेली नीड्स, कोहका सुपेला
लक्ष्मीकांत दुबे, जुनवानी, स्मृति नगर
लक्की चंदानी, कादम्बरी नगर, दुर्ग





