छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर 250 दिनों तक उत्सव, गरीब-युवा, नारी और अन्नदाता थीम पर होंगे आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर पूरे प्रदेश में 250 दिनों तक रजत जयंती उत्सव मनाया जाएगा। इस उत्सव की थीम “गरीब, युवा, नारी और अन्नदाता” पर आधारित होगी। 25 से अधिक विभाग मिलकर 50 से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जो गांव से लेकर राज्य स्तर तक होंगे। आयोजन की जिम्मेदारी संस्कृति विभाग को सौंपी गई है।
इस दौरान 11 मंत्री, सांसद, विधायक, नगरीय निकायों के प्रतिनिधि, पंचायत सदस्य, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय लोग सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। आयोजन के लिए ग्राम पंचायत, वार्ड, ब्लॉक और जिला स्तर पर रूपरेखा और टाइमलाइन तय की जा रही है।
विभागों को बांटी गई जिम्मेदारी
उद्योग विभाग द्वारा प्रवासी छत्तीसगढ़ी सम्मेलन, आईटी प्रोफेशनल मीट, MSME एक्सपो और इन्वेस्ट बस्तर जैसे आयोजन होंगे। खेल विभाग द्वारा “फिट छत्तीसगढ़ चैलेंज” और “छत्तीसगढ़ ओलंपिक” कराया जाएगा।
रायपुर में हाफ मैराथन और जल संसाधन विभाग द्वारा वाटर स्पोर्ट्स, गंगरेल, महानदी, और इंद्रावती उत्सव भी मनाए जाएंगे। पंचायत विभाग गांवों में विशेष ग्राम सभा आयोजित करेगा, जिसमें पीएम आवास स्वीकृति और गृह प्रवेश कार्यक्रम भी होंगे। कृषि विभाग “नमो ड्रोन दीदी पायलट प्रतियोगिता” और “श्री अन्न उत्सव” आयोजित करेगा।
संस्कृति विभाग करेगा फूड फेस्टिवल
संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ी फिल्म फेस्टिवल, फूड फेस्टिवल, राजिम कुंभ, चक्रधर, मल्हार महोत्सव और राउत नाचा, सुआ, पंथी नृत्य जैसे पारंपरिक कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण मेला, बाल मेला, महतारी सम्मेलन और तीजा-पोरा तिहार भी उत्सव का हिस्सा होंगे। यह रजत जयंती उत्सव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक उपलब्धियों को दर्शाएगा।





