रायपुर: सूने मकान को बनाया निशाना, चोरों ने उड़ाए 20 लाख के जेवरात

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर बाहरी चोर गैंग ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के परसूलीडीह स्थित क्लासिक सिटी सोसाइटी की है, जहां एक बंद मकान से चोरों ने करीब 20 लाख रुपये के गहने चुरा लिए।
जानकारी के मुताबिक, इस घर में रहने वाले सीड्स कारोबारी मनीष सहगल कुछ दिनों के लिए व्यवसायिक काम से ओडिशा गए हुए थे। घर में कोई नहीं था, और इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर को निशाना बनाया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम:
चोरों ने घर के सभी कुंडे और ताले तोड़कर अंदर घुसपैठ की।
तीनों कमरों में रखी अलमारियों के लॉकर तोड़कर सोना, चांदी और हीरे के गहने ले उड़े।
चोरी गए गहनों की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है, लेकिन पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
इस वारदात से एक बार फिर शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं, खासकर उन इलाकों में जहां लोग घर बंद कर बाहर जाते हैं।





