बिलासपुर: चर्च में धर्मांतरण के आरोप के बाद बवाल, दोनों पक्षों में मारपीट और हंगामा

बिलासपुर: केवटपारा इलाके में रविवार को एक चर्च में धर्मांतरण के आरोप के बाद बड़ा विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि वहां चल रही प्रार्थना सभा के दौरान कुछ हिंदू संगठनों को जानकारी मिली कि जबरन धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। इसी सूचना के बाद संगठन से जुड़े कई लोग चर्च पहुंचे और विरोध करने लगे।
मौके पर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक-दूसरे पर हमला किया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हिंदू संगठनों का कहना है कि उन्हें चर्च में जबरन धर्मांतरण की सूचना मिली थी, इसीलिए वे शांतिपूर्वक विरोध जताने पहुंचे थे, लेकिन वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें उकसाया और मारपीट की।
वहीं, ईसाई समुदाय का कहना है कि वे सिर्फ शांतिपूर्वक प्रार्थना कर रहे थे, तभी कुछ लोग जबरदस्ती अंदर घुस आए, हंगामा किया और उनके एक सदस्य को चोट भी आई।
इस बीच, एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें एक युवक को पीटते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो पुलिस के लिए अहम सबूत बन सकता है।
घटना के बाद चर्च के अंदर ईसाई समुदाय के लोग और बाहर बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।





