बिलासपुर: करंट से ठेका कर्मी की मौत, परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन, मुआवजा और नौकरी की मांग

बिलासपुर: सीपत क्षेत्र में करंट लगने से एक ठेका कर्मी की मौत हो गई। इसके बाद परिजन और ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने शव को एंबुलेंस में रखकर सीपत विद्युत कार्यालय के सामने दो घंटे तक प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि मृतक के परिवार को मुआवजा मिले, एक सदस्य को नौकरी दी जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो।
मृतक का नाम मुंशीराम कांगो था, जो खम्हरिया सब स्टेशन में ठेका कर्मी के रूप में काम करता था। परिजनों का आरोप है कि एक स्थानीय व्यक्ति शरद दुबे ने अपने निजी प्लॉट में बिजली कनेक्शन के लिए बिना किसी विभागीय आदेश के मुंशीराम को बुलवाया था। उसी दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई।
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव को विद्युत कार्यालय लाया गया तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। इस दौरान ना तो ठेकेदार और ना ही कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
हालांकि बाद में विभाग के अन्य ठेका कर्मियों ने आपसी सहयोग से 10 हजार रुपये की मदद दी, लेकिन परिजन इससे संतुष्ट नहीं हुए। बाद में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उचित कार्रवाई की जाएगी, तब जाकर मामला शांत हुआ।





