रायपुर: रथ यात्रा महोत्सव में शामिल हुए CM विष्णुदेव साय, भक्तों में दिखी भारी आस्था

रायपुर: गायत्री नगर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद पहुंचे और महोत्सव में शामिल हुए। सुबह से ही मंदिर में भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।
इसी तरह महासमुंद के पिथौरा नगर में भी रथ यात्रा की धूम देखी गई। पिथौरा का भगवान जगन्नाथ मंदिर करीब 115 साल पुराना बताया जाता है। यहां भी सुबह से भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही। आज के दिन भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलदाऊ और बहन सुभद्रा के साथ रथ में सवार होकर मौसी के घर की ओर रवाना होंगे। वे वहां 15 दिनों तक विश्राम करेंगे।
इस धार्मिक आयोजन में लोगों की आस्था और उत्साह देखने लायक रहा। जगह-जगह भक्ति गीत गूंजते रहे और माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।





