बिलासपुर में कांग्रेस का हल्ला बोल: स्कूल बंद और खाद संकट पर सरकार को घेरा

बिलासपुर: बुधवार को कांग्रेस ने स्कूल बंद होने और खाद-बीज की कमी को लेकर जमकर विरोध किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय और कलेक्ट्रेट का घेराव किया। उनका कहना है कि भाजपा सरकार ना तो बच्चों की पढ़ाई की परवाह कर रही है और ना ही किसानों की मेहनत का मूल्य समझ रही है।

स्कूल बंद, शिक्षक गायब- भविष्य अंधेरे में

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि “युक्तियुक्तकरण” के नाम पर सरकार 10,000 से ज़्यादा स्कूल बंद करने की योजना बना रही है। 45,000 शिक्षकों के पद खत्म हो चुके हैं और भर्ती के वादे हवा हो गए हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई और शिक्षकों की नौकरी दोनों पर संकट खड़ा हो गया है।

खरीफ सीजन में खाद की भारी किल्लत

किसानों के लिए खरीफ का सीजन बेहद अहम होता है, लेकिन खाद और बीज की कमी ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। विधायक अटल श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य को 16 लाख मीट्रिक टन खाद चाहिए, लेकिन सरकार सिर्फ 8 लाख टन ही ला सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर किसानों को नुकसान पहुंचा रही है।

विजय केसरवानी ने जिला शिक्षा विभाग पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई शिक्षक स्कूलों की बजाय ऑफिसों में अटैच हैं और वहीं बैठकर ‘चाय-पानी’ का काम कर रहे हैं। इससे स्कूलों में पढ़ाई का स्तर गिर रहा है।

महिलाएं भी आईं विरोध में आगे

महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव शिल्पी तिवारी ने कहा कि सरकार ने 57,000 शिक्षकों की भर्ती का वादा किया था, लेकिन अब 45,000 शिक्षकों को जगह-जगह ट्रांसफर कर रही है। स्कूलों को आपस में मिलाने से बच्चों और अभिभावकों को काफी दिक्कत हो रही है।

कांग्रेस ने साफ कहा कि ये योजनाएं शिक्षा और खेती दोनों का नुकसान कर रही हैं। सरकार को बच्चों के भविष्य और किसानों की हालत पर जवाब देना होगा। पार्टी ने जल्द से जल्द समस्याओं का हल निकालने की मांग की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button